अजय पारीक
सवाई माधोपुर. रणथंभौर भ्रमण के लिए गत गुरुवार को यहां आई कांग्रेस की राष्ट्रीय अध्यक्ष सोनिया गांधी की पुत्री प्रियंका वाड्रा एवं उनका परिवार रविवार को खुली जिप्सी से पार्क में घूमा। इस दौरान उनके काफिले का मार्ग सुल्तानपुर के पास खारिया नामक स्थान पर टी13 के शावक टी38 व टी39 ने रोक लिया।
स्थिति यह थी कि न तो बाघ शावकों ने प्रियंका के काफिले को रास्ता दिया और न ही काफिला पीछे हटा। यह सिलसिला दो घंटे तक चला। बाद में शावक जंगल में चले गए। इसके बाद उन्होंने शाम 6 बजे तक अलग-अलग स्थानों पर हिरणों के झुंड व जंगल की खूबसूरती का लुत्फ लिया।
डीएफओ आर.एस. शेखावत ने बताया कि प्रियंका व उनके परिजनों के सोमवार तक यहां रुकने की संभावना है। सोमवार को वे जंगल जाएंगे या नहीं, इस बारे में सोमवार सुबह ही मालूम चल सकेगा। रविवार को प्रियंका की रणथंभौर यात्रा के दौरान जगह- जगह पुलिस, सीआईडी एवं एसपीजी के जवान निगरानी करते दिखाई दिए।